शिवनंदनपुर, सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में अधोसंरचना मद से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन सोमवार को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े, कैबिनेट मंत्री (महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन) रहीं।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आर.सी.सी. नाली निर्माण, बीटी रोड निर्माण, नकटा तालाब घाट निर्माण, अटल परिसर एवं फुटपाथ निर्माण सहित कुल 341.57 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का विधिवत भूमि पूजन किया।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन, स्वच्छता और जनसुविधाओं का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। क्षेत्रवासियों ने विकास कार्यों के लिए शासन का आभार व्यक्त किया।
