अंबिकापुर, सरगुजा (छत्तीसगढ़)। शहर के गुदरी चौक स्थित विजय मार्ग पर संचालित लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल के बाहर बुधवार को ट्रांसफार्मर हटाने की मांग को लेकर दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। शाम होते-होते विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया और अस्पताल प्रबंधन व स्थानीय लोगों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। मौके पर तैनात पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार विजय मार्ग की चौड़ाई लगभग 20 फीट है। यह मार्ग संगम चौक से शिवाजी चौक को जोड़ता है और शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। सड़क के दोनों ओर दुकानें और मकान होने से यहां दिनभर आवाजाही बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल के मुख्य गेट पर मरीजों को उतारने-चढ़ाने के दौरान अक्सर जाम की स्थिति बनती है, जिससे राहगीरों और मोहल्लेवासियों को परेशानी होती है।
ट्रांसफार्मर को लेकर बढ़ा विवाद
विवाद उस समय और गहरा गया जब अस्पताल परिसर से सटे निजी ट्रांसफार्मर को लेकर मोहल्लेवासियों ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर घरों के समीप लगाए जाने से सुरक्षा को खतरा है।
स्थानीय लोगों के दबाव के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने के लिए अंततः ट्रांसफार्मर की बिजली लाइन काट दी गई।
पत्रकार से बदसलूकी, गाड़ी पर हमला
घटना के दौरान मौके पर कवरेज कर रहे जी मीडिया (Zee News) के संवाददाता के साथ कथित रूप से बदसलूकी की गई। वहीं, एक डॉक्टर की गाड़ी पर भी हमला किए जाने की सूचना सामने आई है। इस घटना से माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।

पुलिस की तैनाती
तनाव बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन दिनभर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
