मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की

सूरजपुर/भटगांव, 27 अक्टूबर 2025 — छठ महापर्व के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित शिव मंदिर एवं हनुमान मंदिर के पास बने छठ घाट पहुँचीं। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की।


मंत्री राजवाड़े ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हुए श्रद्धालुओं से आत्मीय भेंट की तथा व्रतधारिणी महिलाओं को नारियल और फल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति का अद्भुत पर्व है, जो आस्था, पर्यावरण और परिवार के सामूहिक बंधन का प्रतीक है।
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती विविधता में एकता और लोक परंपराओं की समृद्धि के लिए जानी जाती है, और यहां हर पर्व सामाजिक एकता व महिला शक्ति के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि छठ पूजा में महिलाओं की आस्था और तप समाज को अनुशासन, निष्ठा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।


इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, महिला समूहों की सदस्याएँ और श्रद्धालु उपस्थित रहे। छठ घाट पर छठी मइया के जयकारों और लोकगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *